ABC News: चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित हुए पोल्ट्री कॉन्क्लेव में इस बात पर मंथन किया गया कि उत्तर प्रदेश को अंडों और चिकन मीट के उत्पादन में कैसे नंबर वन राज्य बनाया जाए. पशुपालन विभाग की तरफ से आयोजित इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया.
पोल्ट्री कॉन्क्लेव में देशभर के पशु चिकित्सा अधिकारी, मुर्गी उत्पादक और किसान आदि शामिल हुए. यहां पर पोल्ट्री उद्योग के सामने आ रहीं चुनौतियों और उनके समाधान पर मंथन किया गया. बताया गया कि उत्तर प्रदेश अंडों का बड़ा उत्पादक प्रदेश तो है लेकिन कई अन्य राज्य इससे काफी आगे हैं, यही हाल चिकन मीट को लेकर भी है, ऐसे में किस तरह यूपी को नंबर वन बनाया जाए, इस पर विशेषज्ञों ने अपने अपने विचार रखे.बताया गया कि अंडों और चिकन मीट के व्यापार के लिए संगठित सिस्टम न होने से इसकी मार्केटिंग उस तरह नहीं हो पा रही है, जैसी की होनी चाहिए. ऐसे में यूपी में दो से तीन बड़े पोल्ट्री हब विकसित करने पर जोर दिया गया. इसके अलावा सीएसए में एडवांस पोल्ट्री ट्रेनिंग सेंटर बनाने पर जोर दिया गया, जिसमें उत्पादन, मार्केटिंग आदि का प्रशिक्षण देने की बात कही गई. यही नहीं, बर्ड फ्लू और अन्य बीमारियों से मुर्गियों को कैसे बचाया जा सकता है. सही समय पर कौन से टीके लगाकर उन्हें सुरक्षित रखा जा सकता है. इस पर भी मंथन किया गया. इसके अलावा मुर्गियों की फीडिंग के लिए मक्का, सोयाबीन आदि को अपने स्तर पर उत्पादन करने पर भी जोर दिया गया. चिकन मीट के व्यापार के लिए कोल्ड चेन स्थापित करने पर भी यहां पर जोर दिया गया.

