ABC News: कानपुर में सुगम यातायात योजना के सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं. यातायात विभाग की समीक्षा में यह सामने आया है कि करीब ढाई महीने के पीरियड में कानपुर में जाम के लिहाज से 97 जो संवेदनशील प्वाइंट थे, उनकी संख्या घटकर अब 73 रह गई है.
इसके अलावा 11 रूट ऐसे पाए गए हैं, जहां पर लोगो के ट्रैवल टाइम में भी कमी आयी है. हालांकि, तीन रूट अभी भी ऐसे हैं, जहां पर जाम और अन्य वजहों के चलते ट्रैवल बढ़ा है. अब इसकी समीक्षा की जा रही है कि इन तीन प्वॉइंट्स में ऐसे कौन से कारण हैं, जिससे राहगीरों का ट्रैवल टाइम बढ़ा है. डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने इसको लेकर रूट मार्शल्स के साथ बैठक भी की है और बेहतर कार्य करने वाले रूट मार्शल्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि भावी मॉनिटरिंग से शहर के व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक दबाव और ट्रैवल टाइम में कमी दर्ज की गई है. बैठक के दौरान रूट मार्शलों को निर्देश दिए गए कि चिन्हित चौराहों और तिराहों पर लगातार निगरानी रखें, पीक ऑवर्स में जाम न लगने दें और अवैध पार्किंग, अतिक्रमण व यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करें.

