ABC News: महापौर और पार्षदों के विवाद के बीच अशोकनगर स्थित संत लाल का हाता फिर लाइमलाइट में आ गया है. दरअसल, पिछले दिनों खुद को संतलाल का वारिस होने का दावा करते हुए नगर निगम में आए कुछ लोगों ने यहां पर सीवर लाइन डालने का विरोध किया था.
संत लाल का हाता को प्राइवेट जमीन बताते हुए कोर्ट के आदेशों का भी हवाला दिया. इसके बाद शनिवार को संत लाल का हाता में रहने वाले लोगों ने नगर निगम में धावा बोला. स्थानीय निवासी रोशन लाल कुरील की अगुवाई में यहां पर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं की सुरक्षा गार्ड से हल्की बहस भी हुई.
नगर निगम में प्रदर्शन करते हुए संतलाल का हाता के लोगों ने कहा कि जिस जमीन को प्राइवेट बताया जा रहा है. वहां पर किस आधार पर सुलभ शौचालय बनाया गया. इसके अलावा बिजली के खंभे और अन्य सुविधाएं दी गईं.
इन लोगों ने आरोप लगाया कि अरबों की जमीन को 11 करोड़ में खरीदने की साजिश रची जा रही है. जिसके तहत सीवर लाइन में अड़ंगा लगाया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम में प्ले कार्ड्स के माध्यम से महापौर पुत्र अमित पांडेय उर्फ बंटी पर गंभीर आरोप लगाए.

