ABC News: स्वरूपनगर पुलिस ने पिछले दिनों कारोबारी के यहां पर हुई 60 लाख रूपए की ज्वैलरी चोरी का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में घर में काम करनी वाली नाबालिग महिला सहायक समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी का शत प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया है.
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि स्वरूपनगर निवासी विकास शुक्ला के घर पर हुई चोरी में उन्होंने नाबालिग महिला सहायक पर शक जताया था. चोरी के बाद से ही वह गायब चल रही थी, पुलिस ने जब अभियुक्तों की लोकेशन तलाश की तो वह माउंट आबू में निकली. इसके बाद आरोपी लगातार जगह बदलते रहे. बुधवार को उन्हें रावतपुर के पास से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि महिला सहायक के साथ उसके साथी मो. युनूस को गिरफ्तार किया.
पूछताछ में बताया कि उन्होंने जिस कमरे में चोरी की, वहां के एक दरवाजे को किशोरी ने पहले से ही अंदर से खोलकर रखा था. चोरी के बाद करीब छह लाख कीमत का एक ब्रेसलेट युनूस ने अपने सुनार मित्र नौबस्ता निवासी मो. मेहताब को 2 लाख 20 हजार में बेच दिया. चोरी की रकम से अभियुक्तों ने नए कपड़े, मोबाइल आदि खरीदे और कई जगह घूमकर मौज मस्ती भी की. डीसीपी ने बताया कि अभियुक्त हमेशा बड़े घरों को टारगेट करते थे और सहायक के रूप में नौकरी कर पहले उनका विश्वास जीतते थे और फिर घटना को अंजाम देते थे.

