ABC News: सोलर पैनल लगाने में प्रदेश में दूसरे नंबर पर चल रहे कानपुर में अब तक 37,844 घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे कुल 132.09 मेगावाट स्थापित सौर क्षमता विकसित हुई है. यह आंकड़ा डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की बैठक में सामने आया है.

सोमवार को नवीन सभागार, सरसैया घाट में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में सोलर संयंत्रों की स्थापना, सब्सिडी वितरण, बैंक ऋण तथा अन्य प्रगति बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में 37,844 आवासों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 36,032 लाभार्थियों को सब्सिडी जारी की जा चुकी है. इससे जनपद में 132.09 मेगावाट की स्थापित सौर क्षमता विकसित हुई है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल माह से 21 जून तक 10,249 नए सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है. वर्ष 2026-27 में जनपद को 42,684 संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है. बैठक में बैंक ऋण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंकों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून तक ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति लाई जाए. उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग और बैंक समन्वित रूप से कार्य करें. जिलाधिकारी ने डिस्कॉम अधिकारियों को स्थापित रूफटॉप सोलर संयंत्रों का सत्यापन समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए.

