ABC News: ईरान ने होर्मुज जलडमरुमध्य फिर बंद करने का एलान किया है. विभिन्न रिपोर्ट्स में बताया गया है कि लेबनान में इस्राइली सेना की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने होर्मुज बंद करने का एलान किया. लेबनान में इस्राइली हमलों का हवाला देते हुए सरकारी टीवी पर बयान जारी किया गया. माना जा रहा है कि ईरान की तरफ से इस कदम के बाद इलाके में तनाव बढ़ सकता है. गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच 111 दिनों की जंग के बाद युद्ध समाप्त करने को लेकर 14 बिंदुओं का समझौता हुआ है. इसे इस्लामाबाद समझौते का नाम दिया गया है.

इस समझौते में इस्राइल शामिल नहीं है. और इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने साफ किया है कि ईरान की सेना लेबनान से पीछे नहीं हटेगी. ऐसे में ईरान की तरफ से होर्मुज को एक बार फिर बंद किए जाने का फैसला क्षेत्रीय तनाव बढ़ा सकता है. ईरान की तरफ से अचानक लिए गए इस फैसले से दुनियाभर के ऊर्जा बाजार और कूटनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है. वहीं, ईरान की सैन्य कमान ‘खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह कड़ा कदम अमेरिका और इजरायल की वादाखिलाफी के जवाब में उठाया गया है. ईरानी सेना के मुताबिक, ‘संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा संघर्षविराम समझौते की पहली धारा के स्पष्ट उल्लंघन और अवहेलना के कारण यह स्थिति पैदा हुई है. इसके साथ ही, दक्षिणी लेबनान में ‘जायोनी शासन’ (इजरायल) द्वारा संघर्षविराम का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है, जिसके कारण लाखों बेकसूर लोगों को विस्थापित होना पड़ा है और बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है.’ बता दें, अमेरिका और ईरान ने इस हफ्ते एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके परिणामस्वरूप स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की घोषणा की गई थी. वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर समझौते की खबरों के कुछ ही घंटों बाद शनिवार को दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं. अब ईरान द्वारा दोबारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर प्रतिबंध लगाने से समझौते पर संकट गहरागया है. इस बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी शनिवार को ईरान पहुंचे हैं. माना जा रहा है कि मोहसिन नकवी ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत पर नजर रखेंगे. जहां एक ओर ईरान की सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पाबंदी लगाने की घोषणा कर दी है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की है.

