ABC News: आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह अब फ्रेंचाइज़ी के साथ नई भूमिका में नजर आ सकते हैं. अगर ऐसा होता है, तो यह DC के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है, जो पिछले सीजन में संघर्ष करती दिखी थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, युवराज सिंह 2027 सीजन से टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा होंगे. यह आईपीएल में युवराज सिंह की पहली आधिकारिक कोचिंग भूमिका होगी.

इससे पहले वह युवा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत स्तर पर मार्गदर्शन देते रहे हैं. भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी समय-समय पर युवराज से सलाह लेते रहे हैं. चर्चा है कि दिल्ली कैपिटल्स के पुरुष टीम प्रबंधन में 2027-28 सीजन के लिए बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. टीम के सह-मालिक जेएसडब्ल्यू इस अवधि में फ्रेंचाइजी के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे. इसके चलते मौजूदा कोचिंग स्टाफ में फेरबदल किया जाएगा. वर्तमान में जीएमआर समूह द्वारा नियुक्त किए गए क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव, मुख्य कोच हेमंग बदानी और गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल की जगह नए सपोर्ट स्टाफ को मौका दिया जाएगा. वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट का पद संभालेंगे. बताया जा रहा है कि गांगुली की सिफारिश पर ही युवराज सिंह को टीम के साथ जोड़ा जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में युवराज के शुरुआती कप्तानों में गांगुली का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और दोनों के बीच लंबे समय से मजबूत संबंध रहे हैं.

गांगुली पहले भी जेएसडब्ल्यू की एसए20 लीग फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स और दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम के क्रिकेट संचालन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. हालांकि युवराज केवल दिल्ली कैपिटल्स की पुरुष टीम के साथ काम करेंगे. दिल्ली कैपिटल्स पिछले दो आईपीएल सीजन में प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही है. टीम की रणनीति, नीलामी में खिलाड़ियों के चयन और मैदान पर प्रदर्शन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में फ्रेंचाइजी प्रबंधन नए सिरे से टीम का निर्माण करना चाहता है. वहीं, चर्चा इस बात की भी है कि क्या दिल्ली कैपिटल्स अपने पूर्व कप्तान ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड के जरिए वापस लाने की कोशिश करती है. इसके लिए टीम अपने मौजूदा खिलाड़ियों में से एक या दो खिलाड़ियों की अदला-बदली कर सकती है.
युवराज का शानदार आईपीएल करियर
युवराज सिंह ने अपने आईपीएल करियर में कुल 132 मैच खेले. उन्होंने पंजाब, पुणे, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया. उनका आखिरी आईपीएल मैच 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए था, जिसके बाद उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. युवराज 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप में भारत की जीत के प्रमुख नायकों में शामिल रहे थे. विशेष रूप से 2011 विश्व कप में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था.

