ABC News: कानपुर में प्री मानसून की बारिश के बीच जाजमऊ में एयरफोर्स नाले से ऐसा जहरीला पानी निकला कि गंगा में मौजूद लाखों मछलियों की मौत हो गई. यहां पर रहने वाले जूना अखाड़ा के दिगंबर अजब आनंद पुरी महाराज का आरोप है कि एयरफोर्स नाले से जो पानी आ रहा है, उसमें टेनरियों का जहरीला पानी बहाया जा रहा है.
उनका आरोप है कि कई बार प्रशासन और पुलिस को सूचना देने के बाद भी आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई. प्रशासन की लापरवाही का नतीजा यह रहा कि शनिवार को गंगा में लाखों मछलियों की मौत हो गई. गंगा में जब मरी मछलियां उतराने लगीं तो आसपास के लोगो ंको इसकी जानकारी हुई. जूना अखाड़ा के साधु ने इसकी सूचना जाजमऊ पुलिस और प्रशासन को दी. उनका आरोप है कि टेनरियों से लगातार जहरीला पानी एयरफोर्स नाले के माध्यम से बहाया जा रहा है लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से लेकर हर जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे हुए है.
मछलियों की मौत पर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया. बताया जा रहा है कि गंगा में लंबी दूरी तक मरी हुई मछलियां पानी के उपर उतराती रहीं, वहीं, जब लोगों को इसकी सूचना लगी तो मरी मछलियां बटोरने के लिए काफी भीड़ लगी रही.

