ABC News: कानपुर में नगर निगम अफसरों के नाला सफाई के दावों पर महापौर प्रमिला पांडेय ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल, महापौर प्रमिला पांडेय गुरूवार सुबह अचानक से बांसमंडी, कोपरगंज आदि स्थानों पर चल रही नाला सफाई का जब जायजा लेने पहुंची तो उन्हें यहां पर बड़ी लापरवाही नजर आयी.
महापौर ने पाया कि यहां पर अब नाला सफाई का काम शुरू होने जा रहा है और नाले के उपर जो स्लैब आदि रखी गईं थीं, उन्हें अब हटाया जा रहा है. इसको लेकर महापौर ने अफसरों से काफी नाराजगी जाहिर की. इसके अलावा जगह जगह नालों पर अतिक्रमण देखकर भी महापौर का पारा चढ़ा हुआ नजर आया. महापौर ने कहा कि इसको लेकर वह नगर आयुक्त को निर्देश देंगी कि जहां पर नाले के उपर अतिक्रमण है. उसे हटाने के बाद ही नाला सफाई की जाए. इसके अलावा अतिक्रमणकारियेां को भी नाले के उपर से अपने अपने कब्जे समेटने की महापौर ने अपील की है.
महापौर ने दो टूक कहा कि पिछले दिनों बैठक में अफसरों ने 50 से 70 फीसदी तक नाला सफाई की बात कही थी लेकिन हकीकत में अभी तक 25 प्रतिशत तक नाला सफाई नहीं हो पायी है. ऐसे में बरसात में कानपुर की सड़कें एक बार फिर तालाब में तब्दील होंगी, इसको लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

