ABC News: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां पर स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग सेक्शन में काम के दौरान अचानक भारी मात्रा में पिघला हुआ स्टील कर्मचारियों पर गिर गया. इस हादसे में कम से कम 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई और कर्मचारी घायल हो गए हैं. रिपोर्ट्स में चश्मदीदों के मुताबिक बताया गया है कि ये हादसा उस वक्त हुआ जब प्लांट के SMS-2 और STC-3 यूनिट में रूटीन प्रोडक्शन वर्क चल रहा था.
अचानक तकनीकी खराबी की वजह से पिघला हुआ स्टील बाहर निकल गया और वहां मौजूद कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए. पुलिस ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि पिघला हुआ लोहा बहुत ज्यादा गर्म था, जिसका तापमान करीब 1,600 डिग्री सेल्सियस था. रिपोर्ट्स में बताया गया है कि धमाके से प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना की जानकारी मिलते ही प्लांट प्रशासन, फायर ब्रिगेड की टीम और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख जताया. मुख्यमंत्री ने घटना के बारे में अधिकारियों से बात की और हालात का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वो दुर्घटना से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सभी विभागों के साथ मिलकर जरूरी कदम उठाएं. कहा जा रहा है कि पिघला स्टील जमीन पर गिर गया, जिसके कारण वहां पर आग लग गई. धीरे-धीरे ये आग प्लांट के बड़े हिस्से में फैल गई. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में स्टील प्लांट में काम करने वाले कई कर्मचारियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर भी सामने आई है. स्टील प्लांट मैनेजमेंट ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया है, जहां पर उनका उपचार चल रहा है.

