ABC News: कानपुर में जाजमऊ थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां पर सिद्धनाथ मंदिर जा रहे दंपती की स्कूटी पर ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे के बाद भाग रहे चालक ने ट्रक से सड़क पर गिरे दंपती को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने यहां पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर सवाल उठाए हैं.
वहीं, सूचना पाकर मौके पर जाजमऊ पुलिस भी पहुंची और स्कूटी से मिले कागजात के आधार पर मृतक की पहचान लक्ष्मीकांत शर्मा और उनकी पत्नी आशा देवी के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया. अहिरवां निवासी रिक्कू शर्मा ने बताया कि उनके माता पिता शनिवार सुबह सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन के लिए गए हुए थे. स्थानीय निवासियों ने बताया कि जाजमऊ स्थित सोलंकी धर्मकांटा के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी और फिर भागने के प्रयास में दोनों को रौंद दिया. हादसे के पांच मिनट बाद ही दोनों की मौत हो गई. इसके बाद भाग रहे ट्रक चालक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर ताड़बगिया स्थित तीन खंबे के पास रोक लिया. यहां पर ड्राइवर से मारपीट करने के बाद भीड़ ने उसे पुलिस को सौंप दिया. मृतक लक्ष्मीकांत शर्मा नगर निगम में सुपरवाइजर के रूप में रिटायर हुए थे. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन हादसे होते हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है.

