ABC News: बिजनौर के दौरे पर आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि दोस्ती के नाम पर हिंसा और छुरेबाजी जैसी घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हैं. सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद की यह घटना बेहद दुखद है और इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है.
उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि यदि माता-पिता अपने बच्चों को सही संस्कार और दिशा देने में असफल रहते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा कानून का सम्मान करने वाले आम नागरिकों के साथ खड़ी है. वहीं, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और समाज में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी आपराधिक घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बता दें कि सीएम योगी सोमवार को बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ क्षेत्र के आलमपुर गांवड़ी गांव पहुंचे. सीएम योगी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अहिंसा और करुणा मानवता के आभूषण हैं, लेकिन समाज और राष्ट्र के सामने दुष्ट एवं अपराधी प्रवृत्तियों से सख्ती से निपटना भी आवश्यक है. भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्कर्मियों के दमन के लिए दृढ़ता जरूरी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग सामान्य नागरिकों, गरीबों, महिलाओं और समाज की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों के प्रति भी सख्त रुख अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कानून का शासन सर्वोपरि है और अपराध और अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

