ABC News: कानपुर में लगातार सख्ती के बावजूद खाकी सुधरने का नाम नहीं ले रही है. ऐसा ही एक मामला पीआरवी का आया, जिसमें तैनात हेड कांस्टेबल ने एक ठेले से गोलगप्पे खाए और फिर दूसरे ठेले से लेकर कुल्फी खाई. इसके बाद जब रूपए देने की बारी आयी तो हेड कांस्टेबल ने खाकी का ऐसा रौब दिखाया और ठेले वालों को हड़काकर चलते बने.

हालांकि, हेड कांस्टेबल की मुफ्तखोरी का वीडियो बनाकर किसी राहगीर ने उसे वायरल कर दिया. वायरल वीडियो में पीआरवी-9303 पर तैनात पुलिस कर्मी बड़े आराम से आईसक्रीम आदि का मजा लेते हुए दिख रहा है. वायरल वीडियो के आधार पर जब पुलिस ने जांच कराई तो पीआरवी कर्मी की पहचान मुख्य आरक्षी सुरेश कुमार के रूप में हुई. पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने पहले मुफ्त में गोलगप्पे खाए और फिर आईसक्रीम भी उड़ाई. इसके बाद डीसीपी मुख्यालय ने उसे सस्पेंड कर दिया. मामले की जांच एसीपी घाटमपुर को सौंपी गई है. पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

