ABC News: कानपुर में सड़क सुरक्षा अभियान में 106 वाहनों पर कार्रवाई करने के साथ ही छह लाख 47 हजार रूपए का जुर्माना वसूला गया है. सड़क सुरक्षा के तहत घाटमपुर में यह अभियान चलाया गया.

डीएम के निर्देश पर राजस्व, पुलिस, परिवहन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने थाना सजेती क्षेत्र के आनूपुर-बरिपाल मोड़ तथा घाटमपुर-हमीरपुर हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया. अभियान के दौरान पुलिस द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के तहत 98 वाहनों का चालान किया गया. वहीं एआरटीओ एवं खनन विभाग की कार्रवाई में 8 वाहनों को सीज करते हुए 6 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग तथा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है.

