ABC News: कानपुर में पनकी पुलिस ने तेल चोरी के गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ ही डीजल से भरा टैंकर और चोरी किया गया तेल और अन्य उपकरण बरामद किए हैं. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर पनकी पुलिस ने पनकी में रहने वाले शेख शाहीन उर्फ सानू के हाते में छापा मारा.
जिस समय पुलिस ने यहां पर छापा मारा, उस समय आयल टैंकर से आरोपी तेल चोरी कर रहा था. पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसके बाद रोहित सैनी, आशीष श्रीवास्तव और पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया. आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आयल टैंकर चालक और मालिकों की सांठगांठ से पूरा खेल होता है. बाटलिंग प्लांट से टैंकर के निकलते ही ड्राइवर हाते में टैंकर लेकर चले जाते हैं. यहां पर सानू अपने पिता वकील अहमद के साथ मिलकर वॉल्व का ताला काटकर तेल चोरी करते हैं और फिर टैंकर अपने गंतव्य को रवाना हो जाता है. यहां से जो टैंकर बरामद हुआ, उसमें 20 हजार लीटर पेट्रोल और डीजल भरा हुआ है.
इसके अलावा 50 लीटर निकाला हुआ तेल, पीपे, कटर और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं. डीसीपी ने बताया सानू का पिता वकील अहमद और कुछ अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध की वजह से जबसे तेल का संकट खड़ा हुआ है. तब से चोरी के तेल को मोटे दाम में बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा है. जिसमे आयल टैंकर चालक का भी हिस्सा बंधा होता है.

