ABC News: कानपुर के सचेंडी के बेलामऊ भीमसेन रोड स्थित मेडिकल वेस्ट निस्तारण प्लांट में भीषण आग से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि आग इतनी ज्यादा भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर से इसका काला धुआं नजर आ रहा था. आग ने देखते ही देखते पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया.
आग की वजह से पूरा प्लांट व गोदाम धू-धू कर जलने लगा और आग का गोला बन गया. सूचना पर फायर ब्रिगेड की एक के बाद एक आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची. कई घंटे की मशक्कत के बावजूद दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे. बताया गया कि करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक नियंत्रित तो कर लिया, लेकिन पूरी तरह से अभी काबू नहीं किया जा सका है.
फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझाने में जुटे रहे. सीएफओ ने बताया कि सचेंडी बेलामऊ भीमसेन रोड स्थित मेडिकल वेस्ट निस्तारण करने वाली कंपनी एमपीसीसी में आग लगी है. सूचना मिलते ही 15 मिनट के भीतर एक के बाद एक 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं, लेकिन तब तक पूरा प्लांट आग का गोला बन चुका था. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के 35 जवानों को लगाया गया.

