ABC News: कानपुर में आईटीबीपी जवान की मां का इलाज के दौरान हाथ काटने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद पीड़ित पक्ष में आक्रोश आ गया है. स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट आने के बाद नाराज आईटीबीपी के कई जवान पुलिस कमिश्नरेट दफ्तर पहुंचे. आईटीबीपी के लाईजिंग अफसर का दावा है कि जिस बीमारी का इलाज अस्पताल में हुआ ही नहीं, स्वास्थ्य विभाग ने अपनी रिपोर्ट में उसी बीमारी का जिक्र कर अस्पताल को राहत दे दी.
ऐसे में उन्होंने टाटमिल के कृष्णा हॉस्पिटल और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. आपको बता दें कि पिछले दिनों पुलिस कमिश्नरेट दफ्तर में अपनी मां का कटा हाथ लेकर पहुंचे आईटीबीपी जवान विकास सिंह ने टाटमिल के कृष्णा हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप लगाया था. आरोप था कि यहां पर डॉक्टरों ने लापरवाही बरती, जिससे उनकी मां का हाथ काला पड़ गया, बाद में उसे दूसरे हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा. जहां इंफेक्शन ज्यादा फैलने की बात कहकर डॉक्टरों ने उसकी मां का हाथ काटा. मामला सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट से सीएमओ दफ्तर से जांच कर रिपोर्ट मांगी गई थी.
आरोप है कि जांच रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया है. आईटीबीपी जवान की आपत्ति के बाद पुलिस आयुक्त ने सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को अपने दफ्तर में बुलाया, यहां पर सीएमओ, पुलिस अफसरों और आईटीबीपी अफसरों के बीच बैठक हुई. आईटीबीपी अफसरों ने विकास की तरफ से कुछ बिंदुओं पर अपनी आपत्ति जाहिर की, जिसके बाद सीएमओ को फिर से विस्तृत जांच के लिए कहा गया है, इसके लिए सीएमओ की टीम को दो पुलिस अफसर भी जांच के दौरान दिए जाएंगे.
सीएमओ का कहना है कि जिन बिंदुओं के बारे में कहा गया है. उसकी जांच कर जल्द रिपोर्ट दी जाएगी, वहीं पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने साफ किया है इस मामले में जो भी दोषी होगा. उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंनें कहा कि अगर पीड़ित पक्ष संतुष्ट नहीं होता है तो राज्य स्तरीय पैनल से जांच करायी जाएगी.

