ABC News: सचेंडी पुलिस ने भीमसेन में साइबर फ्रॉड के एक और गिरोह का खुलासा किया है. अपराधियों का यह गिरोह लोगों को चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने के नाम पर डरा धमकाकर साइबर ठगी करता था. प्रारंभिक पूछताछ में अब तब दो करोड़ रूपए के साइबर फ्रॉड के मामले सामने आ चुके हैं.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि सभी अभियुक्तों को भीमसेन से पकड़ा गया है. यह लोग खेत के बीचोंबीच जाकर साइबर ठगी की घटनाएं करते थे, जिससे पुलिस की जांच में इनकी लोकेशन न मिल सके. यह लोग संबंधित शख्स को फोन कर चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने और गिरफ्तार करने की बात कहकर धमकाते थे. इसके अलावा अपराधियों की पिटाई के वीडियो भी पीड़ित को भेजे जाते थे, जिससे वह डर जाए, इसके अलावा हूटर्स भी बजाए जाते थे. पकड़े गए आठ अभियुक्तों के खिलाफ फिलहाल 22 शिकायतें दर्ज हैं.
आरोपी इतने शातिर थे कि अगर इनका एक खाता फ्रीज हेाता था, तो तुरंत दूसरा खाता खुलवा लेते थे, यही नहीं, एक सिम के ब्लॉक होने पर दूसरा सिम एक्टीवेट कर लेते थे. पुलिस की पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के गिरोह में होने की बात पता चली है. डीसीपी का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. इसके अलावा पूर्व के नंबरों और खातों की जांच की जाएगी, उन्होंने आशंका जताई कि साइबर फ्रॉड की रकम और बड़ी हो सकती है.

