ABC News: समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी रविवार को नरोना चौराहे पर धरने पर बैठ गए. यहां पर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की फोटो के साथ धरने पर बैठे विधायक ने अपने खून से खत लिखकर यह भी पूछा कि मूर्ति कहां हैं.
आपको बता दें कि नरोना चौराहे पर कानपुर मेट्रो द्वारा नयागंज स्टेशन बनाते समय यहां पर स्थापित अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को हटा दिया गया था. इस प्रतिमा को अभी तक लगाया नहीं गया है. इसको लेकर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का जब शुभारंभ होना था, तब भी सपा विधायक ने प्रदर्शन कर मूर्ति को लेकर सवाल किए थे. उस समय पार्षद विकास जायसवाल ने बताया कि मूर्ति उनके पास सुरक्षित है, मेट्रो अधिकरियों ने भी जल्द मूर्ति लगाने का आश्वासन दिया था, इसके बाद जबसे परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में सपा और भाजपा नेताओं के बीच टकराव हुआ, उसके बाद मूर्ति विवाद भी गर्मा गया है. इसी मूर्ति विवाद में रविवार को विधायक अमिताभ बाजपेयी ने धरना देकर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की मूर्ति को लेकर सवाल किए.
सपा विधायक ने किया महापुरूष और भगवान का अपमान
अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की मूर्ति को लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी के धरने पर भाजपा पार्षद विकास जायसवाल ने फिर से हमला बोला है. भाजपा पार्षद विकास जायसवाल का आरोप है कि जो स्थान महापुरूषों के लिए था, वहां पर सपा विधायक खुद जाकर बैठ गए, जिस जगह वह बैठे, वहां पर उनके पैरों के पास अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की फोटो रखी गई, इसके अलावा पैडस्टल पर हनुमान जी का चित्र भी लगा था. भाजपा पार्षद ने कहा कि सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने अब महापुरूषों और भगवान का भी अपमान कर सपा का असली चेहरा दिखा दिया है. मूर्ति के सवालों पर भाजपा पार्षद ने कहा कि एक दिन पहले ही मौके का मेट्रो अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया था. यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के दस्तावेजेां को दिखाते हुए उन्होंने कहा कि जब मूर्ति उनके सुपुर्द की गई थी, तब विधायक कहां थे. उन्होंने कहा कि मूर्ति स्थल पर टूटी इंटरलॉकिंग को सही करने के बाद सामने लगे खंभे को हटाकर मूर्ति के पीछे हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी. इसके अलावा यहां पर स्टील की सीढ़ियां भी लगायी जाएंगी, जिसके बाद सांसद रमेश अवस्थी इसका अनावरण करेंगे.

