ABC News: घंटाघर चौराहे पर अखबार के एजेंट के साथ लिफ्ट देकर हुई लूट के मामले का कलक्टरगंज पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी बरामद की है. कन्नौज निवासी शातिर लुटेरों ने लिफ्ट के बहाने वारदात को अंजाम दिया और कन्नौज भाग निकले थे.
पुलिस की जांच और पूछताछ में पता चला कि शातिर पुलिस की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम देते थे. इससे लोग पहले इनपर भरोसा करते और फिर ये वारदात करके फरार हो जाते. शातिरों के पास से पुलिस की वर्दी और कैप भी बरामद हुई है. जबकि पकड़े गए बदमाशों को तीसरा साथी भाग निकला, पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है.

एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि यह दोनों अंतरजनपदीय अपराधी हैं. दोनों ने बीती एक मई को अखंबार के एजेंट से पहले लिफ्ट मांगी और फिर ब्लेड से उसकी जेब काटकर रूपये निकाल लिए. इसके बाद पुलिस ने कैमरों की जांच करते हुए कन्नौज निवासी रोहित कंजड़ और ब्रजेश को गिरफ्तार किया. पूछताछ में पता चला कि दोनों पुलिस की वर्दी पहनकर भी ठगी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे.
पुलिस के अनुसार, रोहित पर कानपुर, कन्नौज, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, आगरा आदि जिलों में 23 मुकदमे दर्ज हैं. जिनमें लूट, चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट आदि के केस शामिल हैं. वहीं, बृजेश पर मैनपुरी, लखनऊ, कानपुर, सीतापुर, कन्नौज आदि में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

