ABC News: दिल्ली कैपिटल्स के घातक गेंदबाज लुंगी एनगिडी फील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए. फिजियो ने मैदान पर पहुंचकर उनका हाल जाना, जिसके बाद मैदान पर एंबुलेंस बुलाई गई और उन्हें बाहर ले जाया गया. एनगिडी की चोट कितनी गंभीर है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है. शुरुआत में वह डॉक्टर से कुछ बात कर रहे थे. मैदान पर पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग भी पहुंचे.

दिल्ली और पंजाब के बीच आईपीएल मुकाबले के दौरान दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को फील्डिंग के दौरान सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया. यह हादसा तीसरे ओवर में हुआ, जब दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे एनगिडी मिड-ऑफ से दौड़ते हुए कैच लेने की कोशिश कर रहे थे.

बल्लेबाज प्रियांश आर्या के शॉट पर वह गेंद का सही अंदाजा नहीं लगा पाए और संतुलन बिगड़ने के कारण बुरी तरह गिर पड़े. गिरते समय उनके सिर का पिछला हिस्सा जोर से जमीन से टकराया. घटना के तुरंत बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ उनकी मदद के लिए दौड़े. कुलदीप यादव और डेविड मिलर समेत कई खिलाड़ी काफी चिंतित नजर आए. टीम के फिजियो ने तुरंत आकर एनगिडी को प्राथमिक उपचार दिया.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल टीम ने उनके गले में नेक ब्रेस लगाया और स्ट्रेचर मंगवाया. कुछ ही देर में एम्बुलेंस भी मैदान पर पहुंच गई और उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया. राहत की बात यह रही कि इलाज के दौरान एनगिडी डॉक्टरों से बात करते नजर आए, जिससे उनकी स्थिति स्थिर होने का संकेत मिला. इस दौरान पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग भी मैदान पर पहुंचे. एनगिडी की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर दुष्मंथा चमीरा आए.

