ABC News: कल्याणपुर के आवास विकास एक में रिटायर्ड लेक्चरर की पत्नी निर्मला सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या और लूटपाट में 18 साल के उस युवक को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व में रिटायर्ड लेक्चरर के घर के सामने किराए पर रहता था. नशे और जुएं में काफी पैसा हारने के साथ ही उसने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर पूरी घटना का तानाबना बुना और बुजुर्ग की महिला की हत्या कर जेवरात ले उड़ा.
पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर उसे पकड़कर लूटी गई सारी ज्वैलरी बरामद करने का दावा किया है. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताय कि आवास विकास एक में घर के अंदर घुसकर महिला निर्मला सिंह की हत्या के मामले में वर्तमान में गणेश नगर, रावतपुर में रह रहे ईशू शर्मा उर्फ आर्यन को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि वह जब महिला के घर के सामने किराए पर रहता था, तो पार्क में क्रिकेट खेलने के दौरान कई बार उनके घर में बॉल जाती थी, जिसे वह लाता था, उसे यह बात पूरी अच्छी तरह से मालूम थी कि घर पर बुजुर्ग दंपती ही रहते हैं. इस बीच, वह सोशल मीडिया और क्राइम पेट्रोल काफी देखने लगा और फिर घटना का ताना बाना बुना. महिला की हत्या से पहले उसने तीन दिन तक रेकी की और फिर जब रिटायर्ड लेक्चरर दोपहर में घर से बाहर निकले तो छत पर ड्रोन गिरने का बहाना बनाकर वह अंदर दाखिल हुआ.
महिला जब अपने बेडरूम में कुछ काम कर रहीं थी, तभी मौका देखकर उसने उनका गला कसकर हत्या की और फिर सारी ज्वैलरी लूटकर फरार हो गया. इसके बाद एक पाइप में ज्वैलरी रखकर वह फरार होने की कोशिश में था. तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा, पुलिस ने उसके पास से भगवा गमछा भी बरामद किया है, जिसे पहने वह सीसीटीवी में भी कैद हुआ था. हत्यारोपी मूलरूप से कानपुर देहात के मूसानगर का रहने वाला है, यहां पर उसकी मां दादानगर में फैक्ट्री में काम करती है. डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि हत्यारोपी ईशू नशे का शौकीन था और जुएं में भी काफी पैसा हार गया था.

