ABC News: सपा सांसद नरेश उत्तम के घर पर एक दिन पहले भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद अब इस मामले में राजनीति तेज हो गई है. रविवार को सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल के घर पर दिन भर हलचल बनी रही. दिल्ली से लौटे सपा सांसद भी इस दौरान पूरे जोश में नजर आए.
सुबह के समय जहां कुर्मी समाज के लोग सांसद के घर पहुंचे और घटना को लेकर विरोध जताया तो शाम को विधायक अमिताभ बाजपेयी, पूर्व सांसद राजाराम पाल समेत अन्य नेता पहुंचे. सपा की महिला नेताओं ने सांसद की पत्नी का सम्मान भी किया. इस दौरान सपा सांसद की उस नेम प्लेट को भी फूल मालाओं से सजाया गया, जिस पर एक दिन पहले भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने जूते चप्पल चलाने के साथ कालिख लगाई थी.
घटना निंदनीय, लोकसभा में उठाएंगे मामला
सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल ने एबीसी न्यूज से खास बातचीत में अपने घर पर हुई घटना को निंदनीय और लोकतंत्र के लिए घातक बताया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष होता है लेकिन ऐसा अशोभनीय कार्य नहीं होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर पर लगी महापुरूषों की होर्डिंगों को भी प्रदर्शनकारियेां ने फाड़ा. 50 साल की राजनीति में उनके उपर कोई दाग नहीं है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने यहां पर प्रदर्शन किया, उनमें से अधिकतर तो उन्हें जानते तक नहीं है. ऐसे में आरोप लगाया कि यह सब प्रशासन के सहयोग से हुआ है और हार की खिसियाहट में ऐसा किया गया है. उन्होंने लोकसभा में इस मामले को उठाने की बात करते हुए अपनी पत्नी को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि जिस तरह उनकी पत्नी ने प्रदर्शनकारियों का प्रतिकार किया, वह काबिलेतारीफ था.
अगली बार ईंट का जवाब पत्थर से देंगे
वहीं, शाम को सपा की महिला कार्यकर्ताओं संग विधायक अमिताभ बाजपेयी और अन्य नेता पहुंचे और सपा सांसद नरेश उत्तम की पत्नी विजय लक्ष्मी का सम्मान किया. इस दौरान सपा नेताओं ने जिस नेम प्लेट पर भाजपा की महिला नेताओं ने चप्पलें चलाईं थीं, वहां पर फूल माला से सजावट की. सपा नेताओं ने कहा कि सांसद की पत्नी ने जिस तरह से प्रदर्शनकारियों से लोहा लिया, उससे उन्होंने भाजपा के लोगों को करारा जवाब दिया. सपा सांसद की पत्नी ने कहा कि भाजपा वाले महिलाओं को गुमराह करने में लगे हैं. सांसद नरेश उत्तम खुद महिलाओ के आरक्षण के समर्थक हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा की इस गुंडागर्दी के बारे में कभी सोच भी नहीं सकते थे. सपा सांसद की पत्नी ने कहा कि जवाब उन्हें भी देना आता है और अगली बार ऐसा हुआ तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा.
भाजपा के संस्कार दिखाई दिया
वहीं, सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि जो कृत्य एक दिन पहले किया गया, वह भाजपा के संस्कारों का परिचय दे गया. उन्होंने कहा कि जिस तरह का प्रदर्शन किया गया, वह अभद्रता और कानून के साथ खुला खिलवाड़ है.

