ABC News: कानपुर पुलिस ने पंजाब के अबोहर-फाजिल्का गिरोह के दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. इस गिरोह ने हाल के दिनों में 600 से ज्यादा लोगों से ठगी की है, जिसकी शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर है. जांच में सामने आया है कि मात्र तीन महीनों में गिरोह के एक खाते से करीब 80 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन किया गया. पुलिस ने जिन दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, वह दोनों पंजाब के रहने वाले हैं.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि नौबस्ता में रहने वाले अमित राठौर ने कुछ समय पहले खुद के साथ 12 लाख 82 हजार के साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज करायी थी. पीड़ित को फेसबुक के माध्यम से एक लिंक भेजा गया और ‘श्रद्धा शक्ति’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया. जांच में पुलिस ने कई खातों की डिटेल खंगाली, इसके बाद दिल्ली के एके ट्रेडिंग फर्म के खाते में जांच की तो पता चला कि तीन महीने में इस खाते में 80 करोड़ रूपए का ट्रांजैक्शन हुआ था. बताया गया कि इस खाते के खिलाफ देशभर में NCRP पोर्टल पर 600 से अधिक शिकायतें पहले से ही देश भर में दर्ज हैं. उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में इससे जुड़ी 13 एफआईआर पंजीकृत हैं, जिनमें कुल 26 करोड़ रुपये की ठगी का पता चला है. पुलिस आयुक्त ने यह भी बताया कि यह शातिर अपराधी फर्जी जीएसटी नंबर के जरिए बैंकों में फर्जी करेंट अकाउंट खुलवाते थे जिसमें डिजिटल अरेस्ट के माध्यम से भी पैसा जमा करते थे. पुलिस नेजिन दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, उसमें करण कसेरा बिजली मैकेनिक है जबकि दूसरा गुलशन कुमार आटो पार्ट्स का काम करता है. इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने एक और अभियुक्त अजय कुमार को पकड़ा था, जो पेशे से मोची का काम करता था.

