ABC News: स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर कानपुर में अभी भी मामला थमा नहीं है. पिछले दिनों बर्रा के विश्व बैंक ई ब्लॉक में लगाए गए स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर शिकायत की.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वाली कंपनी ने उन लोगों को धोखे में रखकर इसे लगा दिया. कंपनी के खिलाफ अब एफआईआर की मांग की गई है.
पार्षद अर्पित यादव की अगुवाई में बर्रा थाने पहुंची महिलाओं ने यहां पर थानाप्रभारी को अपना शिकायती पत्र सौंपा. महिलाओं ने कहा कि जिस समय कंपनी के कर्मचारी यहां पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा रहे थे, तब उन्होंने मना भी किया था. आरोप है कि मना करने के बावजूद कंपनी के कर्मचारियेां ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा दिया और पुराना मीटर उखाड़ ले गए.
इसी तरह अन्य लोगों ने भी आरोप लगाए. आरोप है कि नया मीटर लगाने के दौरान वसूली भी की गई. वहीं, पार्षद का कहना है कि कई लोग ऐसे भी हैं, जिनका पैसा जमा होने के बावजूद उसमें माइनस में दिखा रहा है, ऐसे में लोग काफी परेशान हैं.

