ABC News: घंटाघर चौराहे पर लगने वाले जाम के बाद भी खाकी का लापरवाह रवैया तीन पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ा गया. टाटमिल चौराहा से घंटाघर आते समय यहां पर लगे जाम में अपर पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा का काफिला भी फंस गया. इसके बाद यहां पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के हाथ पैर भी फूल गए.

आनन फानन में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने दौड़कर अपर पुलिस आयुक्त के वाहनों को किसी तरह निकाला. इसके बाद घंटाघर चौराहे पर रूके अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने जब नयागंज और सुतरखाना चौकी इंचार्ज के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि दोनों चौकी इंचार्ज जाम के बावजूद चौकी में बैठकर आराम फरमा रहे थे. जानकारी पाकर मौके पर डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए और यहां पर सड़क घेरे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस अफसरों के अनुसार, पूर्व में भी घंटाघर चौराहे पर लगने वाले जाम को देखते हुए ई रिक्शा और आटो को नियंत्रित करने, अतिक्रमण हटाने और वाहनों की सही पार्किंग के निर्देश दिए जा चुके हैं. इसके बावजूद घंटाघर चौराहे पर लापरवाही बरती जा रही थी. इसके बाद कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में जोन ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज सुतरखाना अमित कुमार और चौकी इंचार्ज नयागंज कामेश राज लाइन हाजिर कर दिया गया.

