ABC News: गुजैनी थानाक्षेत्र के बर्रा आठ में पिछले महीने बंद घर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी जेवरात समेत विदेशी करेंसी भी बरामद की है. चोरी की रकम से अभियुक्तों ने महंगे मोबाइल के अलावा एक स्पोर्ट्स बाइक भी खरीदी.
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह अपने शौक और गर्लफ्रेंड की फरमाइश पूरी करने के लिए चोरी करते हैं. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पतरसा मोड़ के पास से सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए अभियुक्त बर्रा गांव निवासी प्रकाश गौतम, ईशू गौतम, अभिषेक उर्फ सोनू गौतम और गुजैनी निवासी अजय राजपूत को गिरफ्तार किया है. घटना में शामिल एक अभियुक्त रॉबिन फरार चल रहा है. पकड़े गए सभी अभियुक्त शातिर हैं और इनके खिलाफ कई मुकदमें दर्ज हैं.
पुलिस ने इनके पास से सोने चांदी के जेवर के अलावा 81 यूएस डॉलर और 15 यूएई दिरहम को बरामद किया गया है. डीसीपी साउथ ने बताया कि अभियुक्तों ने जो कैश चोरी किया था, उसका बंटवारा करने के बाद महंगे मोबाइल और स्पोर्ट्स बाइक के अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है. चेारी के बाद सभी विभिन्न स्थानों पर घूमने चले गए, जहां पर उन्होंने जमकर रूपया उड़ाया था.

