ABC News: कानपुर के बिल्हौर थानाक्षेत्र में प्रेमी ने प्रेमिका के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि प्रेमी मौका देखकर प्रेमिका के घर में घुस गया और फिर उसे कमरे में बंद कर ब्लेड से उसकी गर्दन और हाथ पर ताबड़तोड़ कई वार किए. इसके बाद आरोपी ने अपनी गर्दन और कलाई को चाकू से काटकर खुद को लहूलुहान कर लिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाकर दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
प्रेमिका पर हमला करने वाले प्रेमी की पहचान उत्तरीपुरवा निवासी अरविंद के रूप में हुई है. लड़की के पिता का कहना है कि उनकी पत्नी मायके गयी हैं. सुबह बेटी ने घर की सफाई को लेकर कहा तो उन्होंने सहमति दे दी. इसके बाद अपनी एक सहेली के साथ लड़की ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, वैसे ही यहां पर पहले से मौजूद अरविंद दनदनाता हुआ घर में घुस गया. आरोप है कि लड़की को लेकर वह कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, इसके बाद ब्लेड और अन्य धारदार हथियार से उस पर वार किए. इसके बाद उसने खुद की भी गर्दन पर कई वार किए. चीखपुकार सुनकर मोहल्ले वाले भी जुट गए, इस बीच, सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई और काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया.
पूछताछ में लड़की ने बताया कि दोनों कई वर्षों तक सहपाठी रहे हैं. कुछ दिनों पहले लड़की ने अरविंद से बातचीत बंद कर दी थी. अरविंद का कहना है कि सात साल से उसे वह प्यार करता है, तीन महीने से वह दूसरे युवक से बातचीत कर रही थी. शनिवार को उसके बुलाने पर बातचीत के लिए गया था, तो फोन से तस्वीरें हटाने को कहा, जिस पर उसने ब्लेड से उस पर वार कर दिया और खुद को घायल कर दिया. एसीपी बिल्हौर ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है, घटना की जांच की जा रही है.

