ABC News: कानपुर के रेउना थानाक्षेत्र में गुरूवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. यहां पर एक शव की अंत्येष्टि में जा रहे बाइक बाइक सवार तीन दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद तीनों दोस्तों के परिवार में कोहराम मच गया.
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों दोस्तों की पहचान घाटमपुर, नौबस्ता के बलवान, सूरज और अजय कुमार के रूप में हुई है. शव यात्रा में शामिल अन्य लोगों ने बताया कि घाटमपुर के नौबस्ता निवासी महिला की मृत्यु होने के बाद शव का अंतिम संस्कार मूसानगर के होलिया घाट में होना था. अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए तीनों दोस्त एक ही बाइक से जा रहे थे.
जैसे ही इनकी बाइक रेउना थानाक्षेत्र के जनवारा के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित दूध के टैंकर ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी. जिससे तीनों फिसलकर दूर जा गिरे. हादसे के बाद भागने के प्रयास में टैंकर चालक ने तीनों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों के शरीर ट्रक के पहिए में फंस गए. सूचना पाकर रेउना पुलिस भी मौके पर पहुंची. बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त एक ही बाइक पर थे,, हादसे के बाद सड़क पर भीषण जाम लग गया.
जैसे ही हादसे की खबर उनके मोहल्ले पहुंची तो वहां पर मातम छा गया. हादसे के बाद टैंकर चालक को पुलिस ने पकड़ लिया. वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने यहां पर सड़क पर जाम लगा दिया.

