ABC News: फीलखाना थानाक्षेत्र के पटकापुर में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स ने यहां पर काम करने वाले चप्पल कारीगर पर एसिड फेंक दिया. एसिड युवक के चेहरे और हाथ पैर पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. इस दौरान आसपास के लोगों ने आरोपी युवक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना देकर उसके हवाले कर दिया.
युवक को उपचार के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि अंबेडकरनगर नई बस्ती निवासी शाहिद पटकापुर, राम नारायण बाजार में चप्पल कारखाने में काम करता है. शाहिद का कहना है कि उसके मोहल्ले में रहने वाला गुलफाम नाम का शख्स उससे रंजिश मानता है और कई बार उसके ऊपर हमला कर चुका है. शाहिद का कहना है कि गुलफाम को शक है कि उसकी पत्नी का उसके साथ अवैध संबंध हैं, इसी को लेकर कई बार वह विवाद कर चुका है.
शाहिद ने गुलफाम पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं. वहीं, उर्सला अस्पताल में पहुंचे डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने पीड़ित से बातचीत की. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि गुलफाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शाहिद की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है. मामले की जांच की जा रही है

