ABC News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव विवाह के अगले ही दिन रविवार को अपनी पत्नी वंशिका सिंह के साथ कानपुर आ गए. इस दौरान, एयरपोर्ट से लेकर कुलदीप के घर तक जश्न का माहौल देखा गया. कुलदीप और वंशिका के स्वागत के लिए उनके जाजमऊ स्थित डिफेंस कॉलोनी स्थित घर पर भी जोरदार तैयारियां की गई थीं.
इस अवसर पर पूरे घर को देशी और विदेशी फूलों से सजाया गया. कुलदीप और उनकी दुल्हन वंशिका के स्वागत के लिए यहां पर रेड कार्पेट भी बिछाया गया. एयरपोर्ट से कुलदीप के साथ निकली वंशिका सुर्ख लाल ट्रेडिशनल सलवार-सूट पहने हुए थीं, जबकि कुलदीप फॉर्मल कपड़ों में लाल स्टोल के साथ नजर आए. एयरपोर्ट से दोनों BMW में सवार होकर घर पहुंचे, जहां बैंड बाजे से स्वागत किया गया. घर पर आरती उतारकर वंशिका और कुलदीप की अंदर एंट्री कराई गई.
इस दौरान कुलदीप और वंशिका ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया. गौरतलब हो कि एक दिन पहले ही कुलदीप ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ मसूरी के होटल में सात फेरे लिए हैं. यहां पर देर रात तक विवाह से जुड़ी रस्में चलती रहीं. विवाह के अगले ही दिन दोनों परिवार के साथ कानपुर आ गए.

