ABC News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या मेें एमएसएमई विभाग तथा सितारा फाउंडेशन की तरफ से एमएसएमई सभागार, फज़लगंज में समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिला उद्यमियों और इंटरप्रेन्योर्स का सम्मान किया गया.
यहां पर महिला उद्यमियों ने कारोबार जगत में अपने पहले कदम से लेकर संघर्ष और सफलता की कहानी को भी बयां किया. उद्यमी बलराम नरूला, उपायुक्त उद्योग विभाग अंजनीश प्रताप सिंह, एमएसएमई विभाग के डायरेक्टर वीके वर्मा ने महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया और कारोबार जगत में आगे बढ़ने की दिशा में हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
इस दौरान एमएसएमई और उद्योग विभाग की तरफ से ओडीओपी, सीएम युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना से लेकर अन्य योजनाओं के बारे में बताया और ज्यादा से ज्यादा इंटरप्रेन्योर्स को इसका लाभ उठाने को कहा गया.
महिला उद्यमी को उनके उद्यम से जुड़े तकनीकी पहलुओं के बारे में भी यहां पर बताया गया. उपायुक्त उद्योग ने बताया कि नए उद्यमियों के जितने रजिस्ट्रेशन होते हैं, उसमें एक चौथाई संख्या महिलाओं की है.
महिलाओं के कारोबार जगत में तेजी से बढ़ते कदम को उन्होंने काफी सकारात्मक बताया. इस दौरान यहां पर कई महिला उद्यमियों का सम्मान भी किया गया.

