ABC News: कानपुर में शेयर खरीदने-बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने के आरोपी सुशील धवन को नजीराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कई लोगों से शेयर खरीदने बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी सुशील धवन को नजीराबाद पुलिस ने जेके मंदिर नहरिया के पास स्थित एक नर्सिंग होम से गिरफ्तार किया.
बताया जा रहा है कि वह यहां पर चोरी-छिपे तीन दिन से भर्ती रहकर अपना इलाज करा रहा था. शातिर ठग पर काकादेव और नजीराबाद थानों में करीब आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. जिसमें उसकी पत्नी और पिता भी सह-आरोपित हैं. आपको बता दें कि चार दिन पहले पीड़ित लोगों ने डीसीपी सेंट्रल से मिलकर आरोपित के खिलाफ शिकायत की.
डीसीपी सेंट्रल ने एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके को मामले की जांच सौंपी थी. बताया जा रहा है कि सर्वोदय नगर के मोतीविहार सोसाइटी में रहने वाले सुशील धवन का कौशलपुरी में आफिस है. वर्ष 2021 में पांडु नगर माडल टाउन निवासी प्रदीप मंगा ने सुशील धवन, उसकी पत्नी अंजली व रुद्रा शेयर्स एंड ब्रोकर्स कंपनी के खिलाफ कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से दो करोड़ रुपये कीमत के शेयर हड़पने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था.
इसके अलावा कई अन्य लोग भी रिपोर्ट दर्ज करा चुके हैं. शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित सुशील धवन जेके मंदिर नहरिया के पास स्थित शिवानी क्लीनिक में अपना इलाज करा रहा है इस पर उसे पकड़ लिया गया. एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि आरोपित को पकड़ा गया है. उसने किन लोगों से कितने की ठगी की है और कितने की संपत्ति बनाई है इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

