ABC News: घाटमपुर में एयरफोर्स के जवान के साथ मारपीट के मामले में आरोपी दरोगा और सिपाही पर एक्शन हुआ है. मामला गर्माने पर डीसीपी साउथ ने दरोगा रविन्द्र बुंदेला और कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है.
डीसीपी साउथ का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद और सख्त एक्शन लिया जाएगा. गौरतलब हो कि घाटमपुर में 19 फरवरी की रात एयरफोर्स के जवान नीतीश सचान जब शादी समारोह से वापस अपने घर जा रहे थे, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया था. नीतीश का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने न केवल फौजियों को चोर कहा, बल्कि उसके साथ मारपीट की. थाने लाकर भी बुरी तरह से मारापीटा, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया. बाद में शांति भंग में उसका चालान कर दिया. एक दिन पहले एयरफोर्स जवान की मां ने डीसीपी साउथ से गुहार लगाई थी, जिसके बाद आरोपी दरोगा और सिपाही का आज लाइन हाजिर कर दिया गया.
पुलिस आयुक्त को सपा सैनिक प्रकोष्ठ ने सौंपा ज्ञापन
वहीं, इस मामले को लेकर सपा ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (रि.) शरद सरन की अगुवाई में कई पूर्व सैनिक और सपा नेता मंगलवार केा पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचे और यहां पर पुलिस आयुक्त से मुलाकात की. सपा नेताओं ने कहा कि खुद को फौजी बताने के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों ने जिस तरह से टिप्पणी की और उसके बाद वायु सैनिक से बर्बरतापूर्वक मारपीट की, उससे वह लोग आक्रोशित हैं. उनका कहना है कि आरोपी पुलिस कर्मी वायु सैनिक को घसीटते हुए थाने ले गए और वहां पर बांधकर बुरी तरह से मारापीटा, वायुसैनिक का चेहरा सूजा हुआ है और उसका एयरफोर्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. ऐसे में आरोपी पुलिसकर्मियों पर सख्त एक्शन की मांग की गई.

