ABC News: कानपुर में डिग्री माफिया गिरोह का भंडाफोड़ के बाद अब इस मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम का गठन किया है. डीसीपी साउथ की अगुवाई में गठित की गई 14 सदस्यीय एसआईटी में कई रैंक के अधिकारियों को शामिल किया गया है.
जॉइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि पिछले दिनों किदवईनगर पुलिस ने फर्जी मार्कशीट, डिग्री, माइग्रेशन सर्टिफिकेट बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया था. गिरोह के पास से 900 से ज्यादा फर्जी मार्कशीट, डिग्री, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज मिले थे. पुलिस की जांच में पता चला था कि गिरोह का नेटवर्क नौ राज्यों की 14 युनिवर्सिटी में फैला है, जिसमें सीएसजेएम विश्वविद्यालय कानपुर भी शामिल है. अब एसआईटी गैंग के अन्य सदस्यों की जांच पड़ताल के अलावा जो फरार हैं, उनकी तलाश करेगी,, गैंग को किस तरह से आपरेट किया जा रहा था, पकड़े गए गिरोह के चार सदस्यों के पास से किस तरह से फर्जी मार्कशीट डिग्री आदि आ रही थी, यूनिवर्सिटीज़ में उनका कौन कौन सहयोगी था, आदि पहलुओं पर एसआईटी गंभीरता से जांच पड़ताल करेगी.

