ABC News: कानपुर में चली एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं ने खूब रूचि दिखाई. इसी वजह से 27 अक्टूबर से पांच फरवरी के बीच प्रशासन को 2,20,651 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं. इस पूरे अभियान में युवाओं ने भी खूब रूचि दिखाई और ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सात जनवरी से छह फरवरी तक जो विशेष अभियान चलाया गया, उसमें 1,05,721 फार्म-6 प्राप्त हुए.

इसकी जानकारी डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में दी. बताया गया कि विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार महाराजपुर से 17,541, कानपुर कैंट से 13,745, किदवई नगर से 12,415, कल्याणपुर से 13,019, बिल्हौर से 9,862, बिठूर से 7,932, गोविंद नगर से 9,218, सीसामऊ से 7,119 और घाटमपुर से 8,196 नए आवेदन मिले हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अभी भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन एप के साथ-साथ ऑफलाइन मोड में वीआरसी केंद्रों पर फार्म-6 जमा करने की सुविधा उपलब्ध है.

इस दौरान, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई. जिलाधिकारी ने बताया कि फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 का पूरा ब्यौरा जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर उपलब्ध रहता है, जिसे कोई भी व्यक्ति कभी भी देख सकता है. फार्म-7 के संबंध में यह स्पष्ट किया गया कि आपत्तिकर्ता का हस्ताक्षर अनिवार्य है, वह उसी विधानसभा क्षेत्र का निवासी होना चाहिए और फार्म पर अपना एपिक नंबर दर्ज करना आवश्यक है.

