ABC News: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की सप्लाई करने वाली कंपनियों पर कानपुर में प्रशासन की सख्ती दिखी है,, डीएम के निर्देश पर जब खाद्य सुरक्षा अधिकारियोंने 26 यूनिट्स का निरीक्षण किया तो इसमें से 10 बंद पायी गईं. इसके अलावा, निरीक्षण के दौरान कई इकाइयों में निर्धारित मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई.

वहीं, कमियों के आधार पर चार के लाईसेंस निलंबित कर दिए गए हैं और चार केंद्रीय लाइसेंस प्राप्त यूनिटों के खिलाफ निलंबन की संस्तुति की गई है. निलंबित स्टेट खाद्य अनुज्ञप्ति से संबंधित फर्मों में पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मेसर्स प्रभु कृपा एंटरप्राइजेज, यशोदा नगर स्थित केयस टेस्टी ड्रिंक्स एंड रिफ्रेशमेंट सॉल्यूशन, गोविंद नगर स्थित संतोषा इंडस्ट्रीज तथा हंसपुरम नौबस्ता स्थित सत्यम एंटरप्राइजेज शामिल हैं.

इसी प्रकार जिन केंद्रीय लाइसेंस प्राप्त यूनिटों के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है, उनमें उद्योगकुंज पनकी स्थित मेसर्स डैडीज एंटरप्राइजेज, इस्पात नगर पनकी स्थित मेसर्स प्रयाग पैकर्स, रूमा स्थित मेसर्स विवान एंटरप्राइजेज तथा सचेंडी स्थित मेसर्स एच.डी. ड्रिंक्स एंड बेवरेजेस शामिल हैं.जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

