ABC News: गोविंदनगर में सीवर लाइन डालने का मामला अब डीएम की चौखट पर पहुंच गया है. दरअसल, व्यापारियों के विरोध के बाद गोविंदनगर में सीवर लाइन डालने का मामला लटका हुआ है. यहां पर सीवर लाइन डालने के लिए तीन करोड़ रूपए 15वें वित्त आयोग से भी स्वीकृत हो चुके हैं.
इसको लेकर सोमवार को भाजपा पार्षद दल नेता नवीन पंडित गोविंदनगर में रहने वाल दर्जनों लोगों को लेकर डीएम कार्यालय पहुुंचे और यहां पर ज्ञापन सौंपा. पार्षद नवीन पंडित ने कहा कि यहां पर पांच वार्डों में सीवर भराव की समस्या है. वर्तमान में सीवर का पानी बरसाती नाले में मिल रहा है, इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने 15वें वित्त आयोग से तीन करोड़ रूपए स्वीकृत कराए. जिसमें एक करेाड़ की लागत से सीवर लाइन, एक करोड़ की लागत से इंटरकनेक्शन और एक करोड़ की लागत से सड़क निर्माण होना है. जब यहां पूर्व में खुदाई शुरू की गई तो व्यापारियों ने पहले दीपावली का त्योहार फिर सहालगी सीजन होने की बात कही, जिस पर काम रूकवा दिया गया.
उन्होंनें कहा कि यहां पर सिर्फ चार बड़े व्यापारी ऐसे हैं, जो इसका विरोध कर रहे हैं और यहां के एक बड़े नेता का उन्हें संरक्षण प्राप्त है, जोकि अफसरों से कहकर काम रूकवा रहा है. जबकि जनता परेशान है. काम के समय वहीं व्यापारी कर्मचारियों को आगे कर देते हैं. भाजपा पार्षद ने कहा कि अगर सीवर लाइन का काम नहीं शुरू होता है, तो गोविंदनगर की जनता के साथ वह अब चावला मार्केट में धरने पर बैठेंगे, क्योकि अगर सीवर लाइन का काम नहीं होता है तो बारिश में फिर यहां पर जलभराव की समस्या होगी.

