ABC News: कानपुर में महापौर और उनके पुत्र के खिलाफ घमासान छेड़े बागी पार्षदों में से रविवार को एक ने अचानक अपना मुंडन कराने का ऐलान कर दिया. इसके बाद अशोकनगर से पार्षद पवन गुप्ता बकायदा, समर्थकों के साथ मोतीझील में नगर निगम मुख्यालय के गेट पर पहुंच गए.
यहां पर दरी और चादर बिछाकर जैसे ही उनके बालों में उस्तरा लगने जा रहा था, तभी विरोध का झंडा उठाए उनके साथी अन्य पार्षद भी आ गए. साथी पार्षद विकास जायसवाल, अंकित मौर्य, हरी स्वरूप तिवारी, लक्ष्मी कोरी, आलोक पांडेय आदि ने पवन से मुंडन न कराने को लेकर मान मनौव्वल की. पवन का दावा है कि इतनी देर में उत्तरी जिलाध्यक्ष का भी फोन आया और उन्होंने इस तरह की हरकत न करने को कहा, जिसके बाद उन्होंने अपना मुंडन कराने का कार्यक्रम वापस ले लिया. यहां पर साथी पार्षद उन्हें यही दिलासा देते रहे कि बात जब संगठन में गई है तो कुछ समय तक विश्वास कर निर्णय का इंतजार करना चाहिए, जिस पर सहमति भी बन गई.
पार्षद पवन गुप्ता ने कहा कि यहीं पर उन लोगों के सम्मान और स्वाभिमान की हत्या हुई थी, जिसके विरोध स्वरूप वह अपना मुंडन कराने आए थे. उन्होंने कहा कि उन लोागें की यही मांग है कि पार्षदों के वार्डों में समान रूप से विकास कार्य हों, पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन खत्म होने के साथ ही बंटी पांडेय मुक्त नगर निगम हो.

