ABC News: कानपुर में इस समय चर्चा का केंद्र बिंदु बने संत लाल का हाता के निवासी ठंड के तेवरों के बीच मोतीझील पहुंच गए. मोतीझील में प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के सरस आजीविका मेला में आने की जानकारी पर पहुंचे संत लाल का हाता के निवासी यहां पर अपने साथ प्लेकार्ड भी लेकर आए.
इन प्लेकार्ड के माध्य से उन्होंने महापौर के पुत्र बंटी पांडेय पर सवाल उठाए. प्रभारी मंत्री के आने की सूचना पर यहां पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए. मोतीझील पहुंचे बस्ती के लोगों को सड़क पर भीड़ न लगाने को कहा गया. एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने दो लोगों की बात प्रभारी मंत्री से कराने का आश्वासन दिया तो यहां पर आयी भीड़ को दूसरे स्थान पर भेजा गया.
इसके बाद सरस मेला से वापस जाते हुए प्रभारी मंत्री को संत लाल का हाता निवासियों ने ज्ञापन दिया, जिसमें इसे केडीए की तरफ से घोषित मलिन बस्ती बताया. यही नहीं, उन्होंने बताया कि जलकल विभाग ने इसका स्टीमेट भी बना लिया लेकिन अब यहां पर सीवर लाइन नहीं डलवाई जा रही है.
प्रभारी मंत्री ने ज्ञापन लेकर उन्हें न्याय का आश्वासन दिया है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम की वजह से यहां पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही.

