ABC News: भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के कारण बीसीसीआई ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले बड़ा फैसला लिया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया है. मुस्तफिजुर रहमान अब आईपीएल में नहीं खेल सकेंगे. वह लीग से बाहर कर दिए गए हैं.

गौरतलब हो कि बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2026 की नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि, हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा के बाद लगातार केकेआर और टीम के मालिक शाहरुख खान पर सवाल उठाए जा रहे थे. बीसीसीआई की भी आलोचना हो रही थी. कई बड़े राजनेताओं ने आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी के खेलने पर सवाल उठाए थे. विवाद को बढ़ता देख अब बीसीसीआई ने मामले में हस्तक्षेप किया और केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया. बीसीसीआई ने यह भी साफ किया है कि अगर केकेआर चाहे, तो वह मुस्तफिजुर की जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकती है. इसके लिए बीसीसीआई से अनुमति दी जाएगी. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा कि बोर्ड ने केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने को कहा है. उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर केकेआर को दूसरे खिलाड़ी को चुनने की इजाजत दी जाएगी. जब उनसे इस फैसले की वजह पूछी गई, तो सैकिया ने कहा कि यह हाल की घटनाओं के कारण लिया गया कदम है.

क्या है मामला
दरअसल, बांग्लादेश में हाल ही में कई हिंदू व्यक्तियों की हत्या कर दी गई, जिसने भारतीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया. बांग्लादेश में हिंदुओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उसका भारत में खूब विरोध हुआ. सोशल मीडिया पर बांग्लादेश से जो फोटोज वीडियो आए, उसने भारतीय लोगों को आगबबूला करने का काम किया. इसी को लेकर तमाम संगठनों ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल 2026 से बाहर करने की मांग की. उनका कहना है कि जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमला हो रहा है, ऐसे में उनके खिलाड़ी भारत में आकर कैसे खेल सकते हैं. देवकीनंदन ठाकुर ने भी इसका विरोध किया. बीजेपी और शिवसेना के कई नेताओं ने देश की भावनाओं का ध्यान न रखने के लिए शाहरुख खान और KKR पर निशाना साधा था. बीजेपी नेता संगीत सोम ने तो बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को बांग्लादेश के खिलाड़ी को साइन करने के लिए ‘गद्दार’ तक कह दिया था.

क्या बांग्लादेश का दौरा करेगा भारत?
हालांकि, BCCI सेक्रेटरी ने बांग्लादेश के आगामी दौरे को लेकर अभी कुछ नहीं कहा. दरअसल, भारत का सितंबर 2026 में तीन वनडे और तीन T20I खेलने के लिए बांग्लादेशी दौरा निर्धारित है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को शेड्यूल की घोषणा करते हुए बताया कि भारतीय टीम 28 अगस्त को ढाका पहुंचेगी. यह सीरीज पहले पिछले साल अगस्त में होने वाली थी, लेकिन बांग्लादेश में अशांति के कारण इसे रीशेड्यूल कर दिया गया. देखना यह होगा कि बांग्लादेश में तनावपूर्ण माहौल और भारत में इसके विरोध के बाद इस दौरे के लिए BCCI आने वाले समय में क्या फैसला लेता है.

