ABC News: कानपुर में जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले ताजमहल फिल्म के सह-निर्माता और टेनरी संचालक इरशाद आलम को बेकनगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इरशाद आलम को बुधवार सुबह प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया. इरशाद आलम के खिलाफ चार दिन पहले ही एक पोल्ट्री कारोबारी मोहम्मद शोएब ने जमीन दिलाने के नाम पर 3.30 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था. आरोपित और उसके साथियों ने पीड़ित के रुपये वापसस मांगने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 60 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी. इरशाद आलम के साथ पुलिस ने उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है.
मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सिविल लाइंस निवासी मोहम्मद शोएब पोल्ट्री कारोबारी हैं और बेकनगंज नई सड़क पर उनका एग स्टोर है. बताया गया कि उन्हें और उनके साथी नई सड़क निवासी फहद नसीम और उबैद नसीम को व्यापार बढ़ाने, गोदाम के लिए जमीन की जरूरत थी. इस पर रिक्की और रफी ने उनकी मुलाकात जाजमऊ गज्जूपुरवा हाल पता सिग्नेचर सिटी निवासी इरशाद आलम से कराई. टेनरी संचालक इरशाद आलम 2005 में रिलीज फिल्म ताजमहल के को-प्रोड्यूसर भी हैं. मोहम्मद शोएब के अनुसार, इरशाद आलम ने उन्हें जाजमऊ गज्जूपुरवा में जमीन दिखाते हुए 1.65 करोड़ रुपए में बेचने की बात कही. नोटिरियल विक्रय अनुबंध पत्र तैयार होने पर उन्होंने 1.65 करोड़ रुपए दे दिए. कई दिन बीतने पर उन्होंने विक्रय पत्र निष्पादित करने को कहा तो उसने जमीन की रकम दोगुनी कर दी. रुपए फंसे होने पर शोएब ने उनकी बात मानते हुए दोबारा 1.65 करोड़ रुपए दे दिए. कुल 3.30 करोड़ देने के बावजूद इरशाद ने बैनामा नही किया.
इसके बाद जब उन्होंने जमीन की पड़ताल की तो पता चला कि यह जमीन केडीए की है. आरोप है कि जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने अपने साथी मो.उजैर व अन्य लोगों के साथ 13 सितंबर को उनकी दुकान पर आकर झूठे मुकदमें में फंसा देने की धमकी देने के साथ 60 लाख रुपए की रंगदारी मांगी. पीड़ित ने मामले की शिकायत सयुंक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय विनोद कुमार सिंह से की. जिसके बाद बेकनगंज पुलिस ने आरोपित इरशाद आलम और उजैर समेत आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की. इसके बाद पुुलिस ने आज प्रयागराज से इरशाद आलम और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया.

