ABC News: कानपुर में नौबस्ता-घाटमपुर हाईवे पर देर रात मौरंग मंडी के सामने एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां पर एक ट्रक और ईंट लदे ट्रैक्टर के बीच हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर पहुंची बिधनू पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.

बताया जा रहा है कि नौबस्ता-घाटमपुर हाईवे पर ईंट लादकर नौबस्ता की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर दो भागों में टूटकर अलग हो गया. हादसे में ट्रैक्टर चालक संजय और ट्रक चालक मेराज बुरी तरह से घायल हो गए जबकि संजय के साथी अनिल की मौत हो गई. हादसे के बाद यहां पर काफी लंबा जाम लग गया. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर जाम खुलवाया. पुलिस ने बताया कि घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है.वहीं, स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हाईवे पर अवैध रूप से खड़े रहने वाले ट्रक और डंपर जानलेवा साबित होते हैं और आए दिन हादसों का कारण बनते हैं.

