ABC News: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होगा. टूर्नामेंट का सबसे पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेला जाएगा. दोनों सेमीफाइनल मैचों के वेन्यू पर भी मुहर लग गई है. पहला सेमीफाइनल कोलकाता और दूसरा कोलंबो में खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे होंगे. फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. अगर पाकिस्तान फाइनल में जाता है, तो खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा.
Venues for the ICC Men's #T20WorldCup 2026 have been locked in 🏟️ pic.twitter.com/PIYTvzRWly
— ICC (@ICC) November 25, 2025
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का कार्यक्रम दिग्गजों की उपस्थिति में जारी किया गया. इस कार्यक्रम में आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, 2024 में अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप दिलाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, मौजूदा भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मनहास, सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला शामिल रहे. आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने बताया कि टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले भारत और श्रीलंका के आठ स्थलों पर आयोजित होंगे. भारत में कुल पांच स्थानों पर मैच खेलें जाएंगे, जबकि श्रीलंका के तीन स्थलों पर इस वैश्विक टूर्नामेंट के मैच आयोजित होंगे. भारत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद इस टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी करेंगे. वहीं, कोलंबो का आर प्रेमादासा और एस स्पोर्ट्स क्लब में मैच होंगे, जबकि कैंडी का पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम भी मैच की मेजबानी करेगा. पिछले बार की तरह इस बार भी टी20 विश्व कप में 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इन सभी टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है जिसमें प्रत्येक ग्रुप में पांच टीमें शामिल हैं. ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ चरण होगा. प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें इस चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी. सुपर आठ चरण में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा जिसमें प्रत्येक ग्रुप में चार टीमें होंगी. इनमें से दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी जिसके बाद दो टीमें फाइनल मुकाबला खेलेंगी. इस बार जो टीमें इस वैश्विक टूर्नामेंट में खेलेंगी उनमें भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान, अमेरिका, बांग्लादेश, इटली, इंग्लैंड, नेपाल, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं.
A two-time @t20worldcup champion, a record-setter across T20 World Cups and now the tournament ambassador for ICC Men's #T20WorldCup 2026 🤩
— ICC (@ICC) November 25, 2025
The one and only 𝑯𝑰𝑻𝑴𝑨𝑵 Rohit Sharma 😎 pic.twitter.com/iAoBJKoAC0
भारत दो बार रहा है विजेता
भारत दो बार टी20 विश्व कप का विजेता रहा है. टीम इंडिया ने 2007 में टूर्नामेंट के पहले संस्करण में पाकिस्तान को हराया था, जबकि 2024 में टीम ने दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. भारत के अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने भी दो बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की है. अब तक कुल छह टीमें इस टूर्नामेंट की विजेता रही हैं. 2007 में भारत, 2009 में पाकिस्तान, 2010 में इंग्लैंड, 2012 में वेस्टइंडीज, 2014 में श्रीलंका, 2016 में वेस्टइंडीज, 2021 में ऑस्ट्रेलिया, 2022 में इंग्लैंड और 2024 में भारत इस टूर्नामेंट का विजेता बना था. आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने बताया कि रोहित शर्मा भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप के राजदूत बनाए गए हैं. जय शाह ने कहा कि 2024 टी20 विश्व कप के विजेता कप्तान और अब तक सभी नौ संस्करणों में खेलने वाले खिलाड़ी से बेहतर इस आयोजन का कोई प्रतिनिधि नहीं हो सकता.
भारत के ग्रुप में कौन-कौन?
भारत, पाकिस्तान, USA, नीदरलैंड्स और नामीबिया को एक ही ग्रुप में रखा गया है. भारत अपना पहला मैच 7 फरवरी को USA के साथ खेलगा, जो मुंबई में होगा.
भारत बनाम USA – 7 फरवरी (मुंबई)
भारत बनाम नामीबिया – 12 फरवरी (दिल्ली)
भारत बनाम पाकिस्तान – 15 फरवरी (कोलंबो)
भारत बनाम नीदरलैंड्स – 18 फरवरी (अहमदाबाद)

