ABC News: कानपुर में हिट एंड रन का एक और मामला सामने आया है.यहां पर कोहना थानाक्षेत्र के विष्णुपुरी में एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने साईकिल सवार फैक्ट्री कर्मचारी को टक्कर मार दी. हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि फॉर्च्यूनर सवार कार लेकर भाग गया. मृतक की पहचान विष्णुपुरी में रहने वाले सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई.

परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र कुमार दादानगर स्थित फैक्ट्री में काम करते थे. देर रात करीब साढ़े 11 बजे वह फैक्ट्री से काम करके साईकिल से वापस घर आ रहे थे. तभी रामचंद्र चौराहे के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरे. स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात में सूनसान सड़क होने की वजह से फॉर्च्यूनर कार की रफ्तार काफी ज्यादा तेज थी.हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देने के साथ हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद फॉर्च्यूनर सवार चालक कार लेकर तो भाग गया लेकिन उसका नंबर नोट कर लिया है. पुलिस का कहना है कि फॉर्च्यूनर सवार की तलाश की जा रही है.

