ABC News: कानपुर-सागर हाईवे पर बाइक सवार भाई–बहन को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने रौंद दिया. हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई को पुलिस ने हैलट में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
बताया जा रहा है कि लोधनपुरवा निवासी किसान शिवमंगल राजपूत की बेटी जूली और बेटा प्रिंसू पिपौरी जाने के लिए निकले थे. परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले उनकी बड़ी बेटी नीलू के पति ने ऑटो खरीदा था, उन्होंने पाली स्थित मेले घूमने के लिए जूली और प्रिंसू को पिपौरी स्थित घर बुलाया था. इसी के उत्साह में दोनों बाइक से वहां पर जा रहे थे. दोनों कानपुर सागर हाईवे पर राजापुरवा–माधवबाग के बीच वह पहुंचे ही थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.
हादसे में दोनों जूली और प्रिंसू गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घायलों को बिधनू सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जूली को मृत घोषित कर दिया, वहीं प्रिंसू को गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मां विजय लक्ष्मी बेसुध हो गई.

