ABC News: कानपुर में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार केा धान, ज्वार और बाजरा खरीद का निरीक्षण किया. इस दौरान केंद्रों पर हो रही धीमी खरीद पर नाराजगी जताते हुए एडीएम आपूर्ति और जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है. धान क्रय केंद्र पर जानकारी करने पर पता चला कि नौबस्ता मण्डी में कुल 11 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं.

निरीक्षण के दौरान 123 कुंतल धान और 30 कुंतल ज्वार की खरीद दर्ज की गई, जबकि बाजरा की खरीद शून्य पाई गई. जिलाधिकारी ने कहा कि किसान हित से जुड़े इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों के अभिलेखों और रजिस्टरों की बारीकी से जांच की. उन्होंने पाया कि रखरखाव और सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है. इस पर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए और क्रय प्रक्रिया को त्वरित गति से संचालित करने का आदेश दिया. धीमी खरीद और कमजोर पर्यवेक्षण के लिए एडीएम (सिविल सप्लाई) एवं जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया.जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में धान, ज्वार, बाजरा और मक्का की खरीद को तेज कराएं तथा किसानों के लिए पेयजल, छाया, तौल और भुगतान की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित करें. जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में धान के कुल 41 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2369 प्रति कुंतल निर्धारित है. अब तक 1095 किसानों ने पंजीकरण कराया है और धान की कुल खरीद का लक्ष्य 70,000 मीट्रिक टन रखा गया है. इसी प्रकार मक्का के लिए 7 क्रय केंद्र संचालित हैं, जहाँ ₹2400 प्रति कुंतल न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया गया है. मक्का के लिए अब तक 149 किसानों ने पंजीकरण कराया है और 1000 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है. ज्वार और बाजरा की खरीद के लिए 14-14 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें ज्वार का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹3699 प्रति कुंतल और बाजरा का ₹2775 प्रति कुंतल है.

मंडी सचिव का वेतन रोका
वहीं, नौबस्ता मंडी समिति कार्यालय का निरीक्षण करने पर डीएम को यहां पर काफी अव्यवस्थाएं मिलीं. निरीक्षण के दौरान पांच कर्मचारी कार्मिक अनुपस्थित मिले. इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडी सचिव का नवंबर माह का वेतन रोकने और गैर हाजिर कर्मचारियों को वेतन रोकने के निर्देश दिए. इसके अलावा कार्यालय में काफी गंदगी और अव्यवस्था देखने को मिली. पूरे परिसर में गंदगी का जमाव पाया गया जबकि यहां की छत पर पेड़ पौधे उगे हुए मिले. पानी की टंकी तक खुली मिलीं.

