ABC News: मुंबई से एक अनोखी और इंसानियत की परिभाषा को सही साबित करने वाली खबर सामने आ रही है. जहां एक चलती लोकल ट्रेन में एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी, लेकिन विकास बेदरे नाम के युवक की सतर्कता और हिम्मत से समय रहते बच्चे का जन्म हो गया. यह घटना राम मंदिर स्टेशन के पास मंगलवार देर रात करीब एक बजे हुई.

बता दें कि पेशे से वीडियो कैमरामैन विकाश लोकल ट्रेन में सफर कर रहे थे, जब उन्होंने पास के डिब्बे में एक महिला को तेज दर्द में देखा. उन्होंने तुरंत ट्रेन की इमरजेंसी चेन खींचकर उसे रोका. एक प्रत्यक्षदर्शी मंजीत ढिल्लों ने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि महिला की हालत बहुत गंभीर थी, बच्चा आधा बाहर आ चुका था. विकास ने बिना देर किए अपनी डॉक्टर दोस्त देविका देशमुख को कॉल किया, जिन्होंने तुरंत वीडियो कॉल पर उन्हें डिलीवरी की प्रक्रिया समझाई. विकास ने स्टेशन पर एक चाय वाले से कैंची मांगी, कुछ चादरें जुटाईं और डॉक्टर के निर्देशों पर बच्चे की डिलीवरी करवाई. उन्होंने बताया कि मैं बहुत घबराया हुआ था, लेकिन देविका की मदद से हिम्मत आई. विकास फ्लाइट पकड़ने वाले थे, लेकिन उन्होंने वो छोड़कर महिला और बच्चे की मदद करना चुना. विकास की हिम्मत के चलते बच्चा और मां दोनों स्वस्थ हैं. सोशल मीडिया पर लोग विकास को ‘रियल लाइफ रैंचो’ कहकर सराह रहे हैं, जिसने मुश्किल समय में इंसानियत और हिम्मत की मिसाल पेश की. मंजीत ने बताया कि महिला के परिवार ने पहले उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन वहां इलाज संभव नहीं होने पर वे वापस ट्रेन से लौटे थे.

