ABC News: मेस्टन रोड के बिसातखाना में हुए धमाके के बाद पुलिस सख्त एक्शन के मूड में है. इस बात का पता इसी से चलता है कि पुलिस आयुक्त ने घटना के बाद मूलगंज थानाप्रभारी समेत 6 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है और एसीपी कोतवाली का चार्ज भी छीन लिया है. यही नहीं, देर रात तक चले सर्च आपरेशन के बाद पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है.
दिनांक 08.10.2025 को थाना मूलगंज क्षेत्रान्तर्गत विस्फोट संबंधी घटना एवं कार्यवाही विवरण..
— POLICE COMMISSIONERATE KANPUR NAGAR (@kanpurnagarpol) October 9, 2025
दिनांक 08.10.2025 की रात्रि लगभग 19:15 बजे थाना मूलगंज क्षेत्रान्तर्गत मेस्टन रोड स्थित मिश्री बाजार में एक खिलौने की दुकान के सामने दो स्कूटी में ब्लास्ट की घटना हुई। घटना में लगभग आठ… pic.twitter.com/gT02S3Yiol
इन सभी लोगों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है. इसमें मकान मालिक परवेज और उसका बेटा भी हिरासत में है. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि घटना में जो आठ लोग घायल हुए हैं, उसमें चार लोगों को हायर सेंटर पीजीआई में उपचार किया जा रहा है. पुलिस कमिश्नर ने अपने बयान में कई बार किसी तरह की आतंकवादी घटना न होने का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स को लेकर जो क्लेम किया जा रहा है, वह गलत है. यह घटना पटाखों के अवैध भंडारण से जुड़ी है.
देर रात तक चले सर्च आपरेशन में पुलिस ने 18 दुकानों को अपने रडार में लिया जा है, जिसकी गुरूवार को भी जांच जारी रही. उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में विस्फोटक का भंडारण करना अवैध है. जिन 12 लोगों को डिटेन किया गया है, उन सभी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत एक्शन होगा. उन्होंने बताया कि जिस दुकान के सामने विस्फोट हुआ, वहां पर एक दुकान में एक क्विंटल पटाखे रखे मिले.
इसके अलावा एक गोदाम में करीब तीन क्विंटल विस्फोटक मिला है. इस गोदाम समेत एक अन्य गोदाम को सील किया गया है. इसके अलावा चोरी की स्कूटी को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस आयुक्त ने बताया कि फोरेंसिक टीम की जांच में जहां धमाका हुआ है, वहां पर लो इंटेस्टी का विस्फोटक मिला है.
एटीएस अधिकारियों ने की जांच
मेस्टन रोड में हुए धमाके के बाद यहां पर जांच करने एटीएस की टीम भी पहुंची है. हालांकि, देर रात में ही एटीएस ने यहां पर अपनी छानबीन की थी लेकिन गुरूवार दोपहर को भी एटीएस के अधिकारी बिसातखाना में पहुंचे और जिस जगह धमाका हुआ था, उसके आसपास उन्होंने गहनता से जांच की. आसपास के इलाके को भी एटीएस अधिकारियों ने अपनी जांच के घेरे में रखा है. बताया जा रहा है कि लखनऊ से एटीएस के अधिकारी आए हैं. अपनी जांच केा लेकर एटीएस अधिकारी काफी संजीदा भी दिखे. इस दौरान उन दुकानों और गोदाम का भी मुआयना किया गया, जहां पर पुलिस को भारी मात्रा में पटाखा और विस्फोटक आदि मिला है. पटाखों और बारूद के अवैध भंडारण को लेकर भी यहां पर गहनता से जांच जारी है, खासतौर पर पुलिस की लापरवाही को लेकर यहां पर कई सवाल उठ रहे हैं. माना जा रहा है कि जैसे जैसे जांच की दिशा आगे बढ़ेगी, वैसेे वैसे कई अहम तथ्य यहां पर सामने आ सकते हैं

