ABC News: पिछले दिनों चकेरी थानाक्षेत्र के मथुरापुर रोड में अधजली हालत में मिले शव को लेकर पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बताया कि बोरी के अंदर मिले युवक की हत्या कर शव को जलाया गया था, इसके बाद उसके भाई और मां ने अधजले शव को यहां पर आकर फेंका था. पुलिस ने युवक की हत्या की घटना में उसकी मां, भाई और भाभी को गिरफ्तार किया है.
घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मथुरापुर रोड पर मिले शव की शिनाख्त मूल रूप से जहानाबाद फतेहपुर में रहने वाले रामचंद्र पाल ने अपने बेटे मानस के रूप में की थी. पुलिस को उन्होंने बताया कि वर्तमान में अपनी पत्नी, दो बेटों और बहू के साथ सनिगवां में रहते हैं. पिता ने मानस की हत्या में अपनी पत्नी और बेटों पर शक जताया था. इसी के आधार पर पुलिस ने जांच की तो पूरे मामले से पर्दा हट गया. पुलिस ने मानस की हत्या और उसका शव जलाने के मामले में उसकी मां मंजू देवी, भाई प्रांजल और उसकी पत्नी किरण को गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि प्रांजल ने किरण से अंतरजातीय विवाह किया था, जिसका मानस विरोध करता था, इसके अलावा मानस नशेबाज किस्म का युवक था, जिसको लेकर विवाद होता था.
मां का झुकाव भी मानस से ज्यादा प्रांजल की तरफ था. पहले इन लोगों ने उसकी हत्या की, फिर चारपाई में शव बांधकर जला दिया लेकिन जब उन्हें आभास हुआ कि जलने से शव की दुर्गंध फैलेगी तो उसे फिर बोरी में भरा गया और आटो में रखकर मथुरापुर रोड में फेंका गया. आसपास के सीसीटीवी कैमरेां में आटो में प्रांजल और उसकी मां कैद हुई हैं.

